कनैड़ स्कूल में बच्चों ने जमाया रंग
वार्षिकोत्सव में दीं शानदार प्रस्तुतियां
होनहार विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
सुंदरनगर (मंडी)। विश्व भारती मॉडल स्कूल कनैड़ में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर वरिष्ठ शिक्षक केशव राम चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य खेम चंद ठाकुर ने सालाना रिपोर्ट पेश कर सालभर की गतिविधियों के बारे में उपस्थित अतिथियों को अवगत कराया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समां बांध दिया। अपने संबोधन में मुख्यातिथि ने बच्चों का आह्वान किया कि वे आने वाली परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए खूब मन लगा कर मेहनत करें। इस मौके पर उन्होंने 11 हजार रुपये की राशि भी स्कूल को भेंट की। मुख्यातिथि ने स्कूल के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। उनसे सम्मान पाने वालों में अभिषेक, दक्ष, शहजाद, मोहम्मद कैफ, मुस्कान वर्मा, रिया, शैलजा शर्मा, तनजील अतर, मोहम्मद आकिब, शिवानी, वीरेन डोगरा, तनजील, गजेंद्र, माधवी, श्रेया शर्मा, रिया सकलानी, मोहम्मद उस्मान, नेहा और नुसरत जहां शामिल रहे। समारोह में हरेंद्र पाल, राजेश कुमार, सुनीता ठाकुर, पुष्पा देवी, रीना कुमारी, किरण कुमारी, वंदना और रेखा सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।