धर्मपुर (मंडी)। जहां एक तरफ लोगों को पीने के लिए पानी नसीब नहीं हो रहा है, दूसरी ओर पानी व्यर्थ सड़क पर बह रहा है। आईपीएच विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली के चलते कमलाह में स्कूल के नजदीक पानी का पाइप करीब डेढ़ माह से फटा है। इसके चलते पानी सड़क पर व्यर्थ बह रहा है। बाबा कमलाहिया मंदिर के पास विभाग के स्टोरेज टैंक से कमलाह घरवासड़ा के 25 से 30 परिवारों के लिए बिछाई पाइप लाइन टूटी हुई है। इससे पानी लगातार बहता रहता है। स्थानीय लोगों में संजय कुमार, संसार चंद, बबलू, कमला देवी, रीना देवी, किलाचंद आदि का कहना है कि विभाग के कर्मचारियों से बार-बार इस पाइप लाइन को बदलने का आग्रह किया गया, परंतुु कोई भी इसकी सुध नहीं ले रहा है, जबकि यहां पर केवल एक यूनियन लगने से सारी समस्या खत्म हो सकती है। पाइप लाइन के टूटने से जो पानी लगातार बह रहा है उससे लोगों को उचित मात्रा में पानी नहीं मिल पाता है। विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा। इस बारे में जब आईपीएच के सहायक अभियंता यशपाल शर्मा धर्मपुर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला मेरे ध्यान में नहीं था। आज ही यह समस्या ध्यान में आई है। कल तक पाइप लाइन को ठीक कर दिया जाएगा।