रिवालसर (मंडी)। सीएचसी रिवालसर में मरीज के इलाज में कोताही बरतने का मामला सामने आया है। इलाज में कथित लापरवाही पर अस्पताल में तैनात डॉक्टर और पार्षद आपस में उलझ पड़े। हालांकि, मामले में किसी भी तरह की कोई लिखित शिकायत नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार अपर बल्ह घाटी का बरस्वाण पंचायत निवासी मरीज रेवतू राम (63) उपचार के लिए सीएचसी रिवालसर पहुंचा था। शिकायतकर्ता मनोनीत पार्षद लक्ष्मीदत्त का कहना है कि मरीज रेवतू राम को पहले तो डॉक्टर ने गंभीरता से नहीं जांचा और फिर बिस्तर पर लेटाए रखा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया है कि मरीज उचित इलाज न मिलने से रातभर पर अस्पताल में दर्द से कराहता रहा। मरीज बीपीएल परिवार से संबंधित है। पार्षद का कहना है कि मरीज की हालत खराब थी, लेकिन उसे रेफर नहीं किया गया। यह मरीज की जान पर भारी पड़ सकता था। पार्षद ने आरोप लगाया है कि जब इस मामले को लेकर उन्होंने डॉक्टर से बात की तो डॉक्टर ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मामला जब नगर पंचायत रिवालसर के अध्यक्ष लाभ सिंह ठाकुर तक जा पहुंचा तो उनके दखल पर संभले चिकित्सक ने इलाज को तड़प रहे मरीज को बाद में 108 के जरिये जिला अस्पताल भेजा। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉक्टर देश राज शर्मा का कहना है कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है लिखित में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।