जोगिंद्रनगर (मंडी)। ग्राम सुुुधार कमेटी चूल्हा के एक शिष्टमंडल ने एसडीएम के माध्यम सीएम को ज्ञापन भेजा है। इसमें भारत सरकार से स्वीकृत जोगिंद्रनगर के लिए केंद्रीय विद्यालय को लडभड़ोल की तुलाह पंचायत के चूल्हा में खोलने का आग्रह किया। ग्राम सुधार कमेटी चूल्हा के लोगों का शिष्टमंडल कमेटी के अध्यक्ष देसराज ठाकुर की अध्यक्षता में एसडीएम से मिला। इस मौके पर पूर्व एनसीसी अधिकारी बिमला चौहान, राजेंद्र चौहान सहित गांव के अन्य लोग मौजूद रहे। लडभड़ोल की 18 ग्राम पंचायतों लडभड़ोल, तुलाह, गोलवां, बाग, बनांदर, ममाण, रोपड़ी, पीहड़-बेढलू, खुड्डी, त्रेंबली, कोलंग, खद्दर, दलेड़, मतेहड़, कथोण, लांगणा, उटपुर, खड़ीहार, सिमस के लोगों, बीडीसी सदस्य रजनी ठाकुर, विजय कुमार, संजीव कुमार तथा व्यापार मंडल लडभड़ोल के प्रधान रनवीर सिंह ने हस्ताक्षरित ज्ञापन में कहा है कि उहल चरण तीन पन बिजली परियोजना के साथ 13 बीघा जमीन जो बिलकुल समतल है, उसकी नकल जमाबंदी प्रेषित की गई है। अगर इससे भी अधिक भूमि की आवश्यकता हुई तो और भी जमीन यहां उपलब्ध करवाई जा सकती है। प्रोजेक्ट के साथ गांव चूल्ला गुलाणा मुहाल में 20 बीघा जमीन उपलब्ध है। इसकी जमाबंदी भी संलग्न की गई है। इसके साथ ही प्रोजेक्ट की कुछ दूरी पर तुलाह मुहाल में 8 बीघा अन्य जमीन उपलब्ध है। वहां पर भी यह विद्यालय खोला जा सकता है। उधर बिमला चौहान ने प्रकाश जावडेकर का विशेष आभार जताया कि उन्होंने हलके के लिए यह विद्यालय स्वीकृत किया।