बालीचौकी (मंडी)। मटर की कीमतों को लेकर सब्जी मंडी टकोली में किसानों और आढ़ती एवं व्यापारियों के बीच ठन गई है। किसानों का आरोप है कि मटर के दामों में व्यापारियों और आढ़तियों की ओर से मनमानी की जा रही है। शुक्रवार को इसी बात को लेकर किसान भड़क गए। इस दौरान किसानों और आढ़तियों में काफी गहमागहमी हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। उचित दाम नहीं मिल पाने के कारण आढ़तियों के प्रति किसानों में भारी रोष है। किसानों ने बताया कि पिछले वीरवार को मटर के दाम 90 से 95 रुपये थे, जबकि शुक्रवार को 40 से 50 के बीच दाम मिले। इस पर किसान भड़क गए और उन्होंने आढ़तियों एवं व्यापारियों से मटर की सही बोली लगाने को कहा। तनाव बढ़ते देख आढ़तियों और व्यापारियों ने बाद में रेट 70 रुपये तक कर दिए गए। हिमाचल किसान सभा बंजार ब्लॉक के सचिव मोती राम कटवाल और किसानों लीला नंद, श्याम लाल, लोकेंद्र कुमार, टेक सिंह, देवेंद्र कुमार, रूप लाल, यशपाल, टिकमु देवी, तुलसी आदि ने कहा कि किसानों को ठगा जा रहा है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने मार्केट कमेटी हाल में एक बैठक की और निर्णय लिया कि आने वाले समय में किसानों के साथ किसी भी तरह की लूट खसोट के खिलाफ संघर्ष जारी रखा जाएगा। किसी भी तरह से अन्याय सहन नहीं होगा।
000