थुनाग (मंडी)। सराज में अब अग्निकांड की घटनाओं से निपटना आसान होगा। सीएम के गृह क्षेत्र थुनाग में फायर पोस्ट खुलने की कवायद तेज हो गई है। एक फायर टेंडर पहुंच गया है। 12 सितंबर को मुख्यमंत्री क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वह कई योजनाओं की आधारशिला रखेंगे और थुनाग में अग्निशमन पोस्ट का भी उद्घाटन करेंगे। ऐसे में लोगों की खुशी देखते ही बन रही है क्योंकि सराज क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। इस केंद्र के शुरू होते ही लोगों को अपने आशियानों के जलने की चिंता नहीं सताएगी और हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र नहीं होने के कारण कई गांव एवं घर आग की भेंट चढ़ गए हैं, जिससे करोड़ों की संपत्ति राख हो गई है। इससे पहले यहां पर अग्निकांड हो जाने पर मंडी, पंडोह या सुंदरनगर अग्निशमन केंद्रों से दमखल की गाड़ियां मंगवाई जाती थीं। जब तक ये गाड़ियां घटनास्थल तक पहुंचती तब तक सब कुछ राख हो जाता था। अब यहां अग्निशमन केंद्र ख्ुालने से 24 घंटे सेवाएं मिलेंगी। इस सौगात के लिए स्थानीय जन प्रतिनिधियों सहित दयाल सिंह, मुरारी लाल, मोहर सिंह, राजेंद्र पाल, कमल राणा, पूर्ण चंद, सतीश कुमार, परम देव, मस्त राम, अच्छर सिंह, उतम चंद, नरेंद्र कुमार तेज सिंह, भीम सिंह, जंजैहली से भीष्म ठाकुर, ललित शर्मा, रोशन लाल, सोनू, मदन लाल, जगदीश, खेम सिंह सहित कई लोगों ने मुख्यामंत्री जय राम ठाकुर का आभार प्रकट किया है।
000