टिहरा (मंडी)। बरसात में टिहरा, कोट पंचायतों और इनके आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ गई है। इन गांवों में 20 दिनों के बाद पानी की आपूर्ति हो पा रही है। क्षेत्र की टिहरा पंचायत के सकोह, सकोहटा, मन्योह, लांबरी, लग्यार, चड़वालका, छुहड़ा और कोट पंचायत के बांदल, कोट, बडोह, गहरा, संदेहड़ा सहित अनेक गांवों में पानी की किल्लत बनी हुई है। ग्रामीणों संजय कुमार, बहादुर सिंह, राजेंद्र सिंह, विधि चंद, पूर्व वार्ड सदस्य कमलदीप, जगदीश चंद, ओम चंद, अमर सिंह, वार्ड सदस्य तारा देवी, सुनील कुमार सहित अन्य ने बताया कि आजकल बरसात के दिनों में भी क्षेत्र के एक-एक गांव को 15-20 दिनों के बाद पानी की सप्लाई आ रही है। इससे ग्रामीणों की मुश्किलेें बढ़ गई हैं। कांढापत्तन-अवाहदेवी पेयजल योजना में कभी पाइप टूट जाते हैं तो कभी ल्हासों से क्षतिगस्त हो जाती है। कभी कांढापत्तन मेन राइजिंग में समस्या आना लगातार जारी है। इससे आईपीएच विभाग की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। पानी की नियमित सप्लाई न आने से लोग पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। लोगों ने आईपीएच विभाग से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शीघ्र नियमित रूप से बहाल करने की मांग की है। आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता टिहरा प्रदीप कुमार ने बताया कि कांढापत्तन में सर्कुलेशन वेल में समस्या चल रही थी। अब इसे दूर कर दिया गया है। क्षेत्र के हर गांव को शीघ्र ही पेयजल आपूर्ति नियमित रूप से बहाल कर दी जाएगी।
0000