मंडी। वल्लभ कॉलेज मंडी के एनसीसी एयरविंग कैडेट अंडर ऑफिसर अंगद सिंह और कैडेट विकास ठाकुर विदेश में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह दोनों कैडेट्स अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम (यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम) में भाग लेंगे। इन दोनों ने दिल्ली गणतंत्र परेड में भाग लिया है। वहीं, अंगद ने राजपथ पर आयोजित गणतंत्र परेड में हिस्सा लिया है। वहीं, विकास ने अखिल भारतीय सर्वश्रेष्ठ कैडेट स्पर्धा में देशभर में दूसरा स्थान लिया है। राष्ट्रीय कैडेट कोर के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल बीएस शेरावत ने कैडेट विकास को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिल्वर मेडल और दस हजार के नकद इनाम से पुरस्कृत किया है। मंडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आईडी शर्मा ने भी दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित किया है। उन्होंने कहा कि एनसीसी एयरविंग का नेतृत्व एनसीसी एयरविंग ऑफिसर डा. चमन लाल क्रांति सिंह कर रहे हैं। इससे पूर्व एनसीसी एयरविंग अंडर ऑफिसर अजय ठाकुर ने कजाकिस्तान, कैडेट अंडर ऑफिसर अजय ठाकुर ने बंगलादेश में देश का प्रतिनिधित्व किया है। यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए देश का चयन अभी नहीं हो सका है। हिमाचल प्रदेश एनसीसी एयरविंग स्क्वाडन के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर देवाशीष डे, एनसीसी एयरविंग अधिकारी डा चमन लाल क्रांति सिंह, मेजर चेतन सिंह राणा, लेफ्टिनेंट स्मृति ठाकुर ने दोनों कैडेट को सफलता के लिए बधाई दी है।