चैलचौक (मंडी)। चैलचौक पंचायत के भगयार गांव में चोरी मामले में पुलिस चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। सोमवार को पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और मकान मालिक और परिवार के सदस्यों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की, मगर पुलिस को चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने मुरारी लाल के मकान में काम कर चुके लोगों के साथ भी पूछताछ की। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने चैलचौक बैरियर में लगे वन विभाग के सीसीटीवी की फुटेज को भी खंगाला है। मगर अभी तक चोरों का सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। चैलचौक के भगयार गांव के मुरारी लाल शर्मा बीते 21 फरवरी को अपने परिवार के सदस्यों के साथ पुश्तैनी घर रहने गए हुए थे। रविवार को जब वह अपने चैलचौक स्थित नए घर में लौटे तो घर का ताला टूटा देखा और मकान के भीतर से 35 सौ रुपये नकद और करीब 8 तोले सोना गायब पाया। जिसके बाद मुरारी लाल शर्मा ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान का निरीक्षण करके चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने चैलचौक बाजार में भी अनेक लोगों से चोरी की वारदात के बारे में पूछताछ की। जिस मकान में चोरी हुई उसके आसपास और भी मकान है। लेकिन, चोरों ने किसी को भनक तक नहीं लगने दी। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए चोरों का सुराग पता लगा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होंगे।