नेरचौक (मंडी)। किंग जॉर्ज रॉयल पब्लिक स्कूल नेरचौक का सालाना समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भाजपा नेता और बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से जहां बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है, वहीं पुरस्कृत होने वाले छात्र अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। उन्होंने साल भर स्कूल की विभिन्न गतिविधियों में आगे रहने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया। इससे पहले स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन बीआर शर्मा तथा प्रधानाचार्य डॉ. केपी शर्मा ने मुख्यातिथि समेत आए हुए मेहमानों का स्वागत किया। प्रधानाचार्य ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट के माध्यम से स्कूल की उपलब्धियों, गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। सालाना समारोह में छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक, मनोरंजक और शिक्षाप्रद प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इस दौरान पंजाबी डांस की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर नगर परिषद नेरचौक की अध्यक्ष लता देवी, उपाध्यक्ष चेत सिंह ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष अंजना रावत, पार्षद रजनीश सोनी और काफी संख्या में छात्रों के अभिभावकों ने भाग लिया।