युवक मंडल ने बुझाई आग, कुछ के हाथ झुलसे
मंडी। तुंगलघाटी के सतोहल और पपराहल के बीच जंगल में रविवार देर शाम अचानक आग लग गई। इस पर सतोहल के सिद्ध विनायक युवक मंडल के सदस्यों ने काबू पाया। युवक मंडल के सदस्य अजय चौहान ने बताया कि कोटली के सतोहल और पपराहल गांव के बीच चीड़ के पेड़ों से भरे जंगल में रविवार शाम अचानक आग लग गई। धू-धू कर जल रहे जंगल को देख सिद्ध विनायक युवक मंडल के सदस्य जंगल की आग बुझाने पहुुंचे और उन्होंने काम्बल के पेड़ों के पत्तों और मिट्टी डाल कर आग पर काबू पाया। इस दौरान युवक मंडल के कुछ सदस्यों के हाथ झुलस गए। हालांकि, कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। इस अवसर पर युवक मंडल के प्रधान तपेंद्र ठाकुर, ललित कुमार, राहुल ठाकुर, शशी ठाकुर और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। उधर, अग्निशमन विभाग के गृह रक्षक प्रदीप ने बताया कि रविवार को आग की कोई सूचना नहीं आई है।