मंडी। जिले के वल्लभ कॉलेज मंडी में अब तक 1400 नए छात्रों ने दाखिला ले लिया है। दाखिला प्रक्रिया जारी है, जोकि 29 जून तक चलेगी। प्रबंधन के मुताबिक इस साल पिछले साल की अपेक्षा अधिक दाखिले होने की उम्मीद है। पिछले साल कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या 6390 थी। अभी तक हुए दाखिलों में आर्ट्स विषयों में इतिहास, हिंदी, राजनीतिक शास्त्र में छात्रों का सबसे अधिक रुझान देखने को मिला है। अर्थशास्त्र, नृत्य, पत्रकारिता और पेंटिंग जैसे विषयों में विद्यार्थियों ने कम रुचि दिखाई है। दाखिले के लिए आ रहे नए छात्रों के मार्गदर्शन के लिए छात्र संगठनों ने कक्ष बनाए हैं। इनमें विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया जा रहा है। उधर, इस बारे में प्रधानाचार्य डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि अब तक 1400 दाखिले हुए हैं।