भाषण प्रतियोगिता में दयानंद रहे अव्वल
पधर (मंडी)। खंड स्वास्थ्य विभाग पधर के सौजन्य से सरकारी औद्योगिकी प्रशिक्षण संस्थान पधर स्थित गवाली में खंड स्तरीय अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य निषेध एवं अवैध तस्करी दिवस के उपलक्ष्य पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड स्वास्थ्य अधिकारी पधर डॉक्टर शेखर कपूर ने की। उन्होंने उपस्थित सभी प्रशिक्षुओं को मादक द्रव्य और उनके दुष्प्रभावों, मादक द्रव्यों की तस्करी सहित बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि मादक द्रव्यों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। मादक द्रव्यों के सेवन से ऐसे जानलेवा रोग फैलते हैं, जिनका उपचार संभव नहीं होता। मादक द्रव्यों की तस्करी करना भी कानूनी अपराध के दायरे में आता है। स्वास्थ्य शिक्षक मनोज महाजन ने उपस्थित प्रतिभागियों को मादक द्रव्यों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें दयानंद ने प्रथम, रिशम ने द्वितीय और अंजना ने तृतीय स्थान हासिल किया। संस्थान मुखिया राजीव कोहली ने भी प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। कार्यशाला में सौ से अधिक प्रशिक्षुओं सहित संस्थान से दिनेश कुमार, आकाश शर्मा, हेत राम, इंद्र सिंह, शिवानी और सुमन ने भी हिस्सा लिया।