सुंदरनगर (मंडी)। पुलवामा में आतंकी हमले के जवाब में भारत की ओर से हुई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के मद्देनजर प्रदेश के सभी पनविद्युत प्रोजेक्टों में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। लारजी प्रोजेक्ट में आगंतुकों की आवाजाही पर पाबंदी लगा दी है, वहीं चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग पर बनी देश की सबसे बड़ी यातायात टनल लारजी की सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। गश्त के साथ-साथ पुलिस और खुफिया एजेंसियां पैनी निगाह रखे हुए हैं। स्थानीय जनता से भी सहयोग मांगा जा रहा है। बीबीएमबी ने भाखड़ा बांध और बीएसएल परियोजना में भी सुरक्षा पुख्ता कर दी है। परियोजनाओं की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर आधुनिक हथियारों से लैस जवान तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी से भी कड़ी नजर रखी जा रही है। सादी वर्दी में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। संदिग्ध व्यक्ति को तुरंत हिरासत में लेने के आदेश दिए गए हैं। होटलों और गेस्ट हाउसों पर भी सुरक्षा एजेंसियां नजर रखे हुए हैं। सुंदरनगर में तैनात राज्य विद्युत परिषद के मुख्य अभियंता (उत्पादन) ई. उदैल उखल ने विद्युत प्रोजेक्टों में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने की पुष्टि की है।