लडभड़ोल (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लडभड़ोल का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता विधायक प्रकाश राणा ने की। अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती थीम पर आधारित इस समारोह में स्कूल से निकले उच्च पदों पर पहुंचे पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। बच्चों ने एक से बढ़ कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। बच्चों ने स्वच्छता, पर्यावरण बचाओ, बेटी है अनमोल, वन बचाओ, जल ही जीवन है और नशा निवारण का संदेश दिया। लघु नाटिका भी पेश की। बच्चों की ओर से डाली गई नाटी मेरा खिन्नू बड़ा उस्ताद हो... पर सभी नाचने को विवश हो गए। मुख्यातिथि प्रकाश राणा ने मेधावी छात्र और छात्राओं को सम्मानित किया। विधायक प्रकाश राणा ने रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने पर बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप 21000 रुपये दिए। स्कूल के स्टेज निर्माण के लिए एक लाख की राशि भी प्रदान की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी रीमा राणा, जिला परिषद सदस्य संजीव शर्मा, प्रेम मेमोरियल ट्रस्ट के ट्रस्टी प्रेम चंद और सुनील शर्मा उपस्थित रहे।
000