विधायक ने रन फॉर यूनिटी को दिखाई हरी झंडी
राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई पटेल की जयंती
सुंदरनगर (मंडी)। स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री वल्लभ भाई पटेल की जयंती बुधवार को सुंदरनगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस मौके पर विधायक राकेश जंवाल ने सुंदरनगर के जवाहर पार्क से रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले अपने संबोधन में राकेश जंवाल ने कहा कि किसान परिवार में जन्में वल्लभ भाई पटेल अपनी कूटनीतिक क्षमताओं के लिए याद किए जाते हैं। आजाद भारत को एकजुट करने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है। उन्होंने कहा कि आज वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर ऊंची प्रतिमा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनावरण किया है। यह प्रतिमा राष्ट्रीय एकता की मिसाल है क्योंकि इसे बनाने के लिए देश भर से लोहा एकत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा बडोदरा से 90 किलोमीटर दूर नर्मदा जिले में सरदार सरोवर बांध के साधू बेट में बनाई गई है। यह प्रतिमा देश की भावी पीढ़ी को अतीत से रूबरू कराएगी, जिसे जानना आने वाली पीढ़ी को बेहद जरूरी है। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी राहुल चौहान, डीएसपी तरनजीत सिंह, बीडीओ मोहन शर्मा, भाजयुमो अध्यक्ष मुकेश चंदेल, महामंत्री घनश्याम वर्मा, बीडीसी चेयरमैन सोहन लाल, एचआरटीसी निदेशक ओम प्रकाश नायक, अनिल गुलेरिया, कमलेश गुप्ता, गोदावरी, स्वयं सहायता समूह की सदस्य ज्योति सोढी, अंजूबाला, मालती देवी और स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।