सरकाघाट (मंडी)। शहर के वार्ड 3 जमसाई के पास नेशनल हाईवे पर लापरवाही से वाहन चलाने और मालवाहक जीप में भेड़ बकरियों की तरह सवारियां भरकर दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, सरकाघाट अस्पताल प्रभारी वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर पन्नालाल ने बताया कि हादसे में तीन गंभीर घायलों को सोमवार रात को ही ही रेफर कर दिया गया था। जबकि शेष 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सभी घायलों की स्थिति अब सामान्य है। प्रशासन की ओर से राजस्व अधिकारी की ओर से गंभीर घायलों को पांच-पांच हजार, जबकि अन्य घायलों को 1000 राहत राशि प्रदान की है। एसएचओ सरकाघाट सतीश पाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते कहा कि जीप दुर्घटना के आरोपी चालक प्रवीण कुमार गांव समराहल, कोटली मंडी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। चालक को हिरासत में ले लिया गया है।