मंडी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड यूनियन का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को यूनियन अध्यक्ष कुलदीप खरवाड़ा की अगवाई में ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा से मिला। इस दौरान उन्होंने मंत्री को लोहड़ी और मकर संक्रांति की बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा मंत्री से विद्युत बोर्ड में चल रही कर्मचारियों की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र ही विभिन्न पदों पर नई भर्ती करने की मांग की। यूनियन के सचिव ध्यान सिंह जम्वाल ने बताया कि विद्युत बोर्ड में प्रतिवर्ष 1100 से 1200 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इसके चलते विद्युत बोर्ड में तैनात कर्मचारियों पर अत्यधिक कार्य का बोझ पड़ गया है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि विद्युत विभाग में टी मेट, क्लर्क और हेल्पर के पदों पर शीघ्र नई भर्ती करवाई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा मिल सके। वहीं, विभाग में विद्युत मीटरों की कमी के चलते उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं। इसके लिए शीघ्र ही बोर्ड मैनेजमेंट को आवश्यक निर्देश देने की मांग की ताकि, विद्युत मीटरों की आपूर्ति नियमित रूप से उपलब्ध हो सके। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय कार्यकारिणी के उप महामंत्री जगमेल सिंह ठाकुर, संगठन सचिव जेके धीमान, उपप्रधान दौलत राम राणा, डीडी राणा, मंडी यूनिट के सचिव ध्यान सिंह जम्वाल, प्रधान सुरेश राणा, वरिष्ठ उपप्रधान, मनोहर लाल ठाकुर, प्रेस सचिव विपुल ठाकुर, हिमांशु ठाकुर, उप प्रधान हंसराज, हुक्म चंद वर्मा, साईगलू सब यूनिट के प्रधान नेकराम सहित अन्य कर्मचारी नेता एवं सदस्य मौजूद थे।