जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने वीरवार को चौंतड़ा में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग का मंडल और उपमंडल का शुभारंभ किया। साथ ही जोगिंद्रनगर में हिमाचल पथ परिवहन निगम के नए बस डिपो का भी उद्घाटन किया। उन्होंने देहरादून से बैजनाथ तथा चंडीगढ़ से बैजनाथ बसों को जोगिंद्रनगर तक चलाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जोगिंद्रनगर से लडभड़ोल तक बस चलाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। नए बस डिपो में सौ बसें दौडे़ंगी। इसमें 79 लोकल और 20 लांग रूट होंगे। इसमें साठ तकनीकी स्टाफ, अस्सी चालक और इतने ही परिचालक होंगे। उन्होंने मजाक भरे लहजे में कहा कि जोगिंद्रनगर को इतनी सौगातें दी हैं कि अब सुदामा को तरसना नहीं पड़ेगा। इस अवसर पर सांसद राम स्वरूप शर्मा और विधायक प्रकाश राणा भी उपस्थित रहे। विधायक प्रकाश राणा ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर, जिला भाजपा महामंत्री पंकज जम्वाल, मंडल महामंत्री अजय सकलानी, जिला परिषद सदस्य नीलम और संजीव शर्मा, उपमंडलाधिकारी ना. अमित मेहरा, मुख्य अभियंता, आईपीएच नवीन पुरी सहित अन्य विभागों के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।
000