मंडी। किरतपुर-मनाली फोरलेन निर्माण कार्य में लगे इंजीनियरों ने कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए काम बंद कर दिया है। कई माह से वेतन को तरस रहे इंजीनियरों का कहना है कि अनदेखी पर अब 18 जनवरी से भूख हड़ताल की जाएगी। एसोसिएशन ने इस मसले पर शासन और प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाया है। एसोसिएशन पिछले कई माह से वेतन को लेकर अधिकारियों के दरवाजे खटखटा चुकी है। कंपनी प्रबंधन की तरफ से वायदे के मुताबिक हर बार उन्हें वेतन की जगह मात्र आश्वासन ही मिला है। गुस्साए इंजीनियरों ने हड़ताल के बाद भूख हड़ताल करने का फैसला लिया है। एसोसिएशन के प्रधान अजय कुमार डोगरा ने कहा कि अगस्त 2018 से लेकर जनवरी 2019 तक का वेतन उन्हें कंपनी की ओर से नहीं मिल पाया है। एसोसिएशन ने कंपनी का काम बंद कर दिया है। चेताया कि अगर जल्द वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है तो काम अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर दिया जाएगा। भूख हड़ताल कर अपना हक मांगा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएचएआई और एफकॉन कंपनी से वार्तालाप करने के बावजूद कुछ नहीं हो पाया है। बता दें कि लंबित वेतन को लेकर एसोसिएशन काफी समय से संघर्षरत है। श्रम निरीक्षक के समक्ष वायदा करने के बावजूद कंपनी ने वेतन भुगतान नहीं किया है। श्रम निरीक्षक भावना शर्मा ने बताया कि इस संबंध में एक बार दोबारा कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।