मंडी। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शनिवार को पेयजल, सिंचाई, सीवरेज तथा बाढ़ नियंत्रण से संबंधित कार्यों को लेकर एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल तथा किसानों को सिंचाई के लिए समुचित जल उपलब्ध करवाने के लिए सरकार कृतसंकल्प है। इस कड़ी में आठ महीनों में केंद्र सरकार की ओर से कई बड़ी योजनाएं हिमाचल के लिए स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों का आह्वान किया कि जो कार्य सौंपा गया है, उसे निष्ठापूर्वक पूर्ण करें तथा पीने के पानी या अन्य योजनाओं को तय समय अवधि में पूरा किया जाए। कार्यों में गुणवत्ता मानकों का अनुसरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी के व्यर्थ रिसाव को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर मंडी जोन के मुख्य अभियंता सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य नवीन पुरी, अधीक्षण अभियंता सुंदरनगर सुनील कन्होत्रा, अधीक्षण अभियंता कुल्लू देवेश भारद्वाज के अतिरिक्त मंडी जोन के सभी अधीक्षण अभियंता और सहायक अभियंता उपस्थित रहे।
000