मंडी। मिड-डे मील वर्कर यूनियन (संबंधित सीटू) ने अपनी मांगों के लिए मंडी में जोरदार प्रदर्शन किया। डीसी के माध्यम से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू के जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह, महासचिव राजेश शर्मा, मिड-डे-मील वर्कर्स यूनियन के जिला प्रधान रमेश कुमार, सचिव संतोष कुमारी, चमन लाल, सत्यादेवी, चिंत राम, दया राम, रीना देवी, कश्मीरी देवी, निरंजना देवी, पवना देवी आदि ने किया। मुख्यमंत्री को भेजे गए मांगपत्र में सरकार से मांग की गई है कि मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं को निर्धारित न्यूनतम छह हजार रुपये वेतन दिया जाए। वर्तमान में सरकार केवल 1500 रुपये ही मानदेय दे रही है। इसके अलावा 12 महीनों का वेतन दिया जाए, जो वर्तमान में 10 माह का दिया जाता है। सीटू जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मिड डे मील योजना को चले हुए 14 साल हो चुके हैं लेकिन सरकार ने इन्हें नियमित करने की कोई नीति नहीं बनाई है। कहा कि वर्करों की छंटनी की जा रही है जोकि गलत है। मिड-डे मील वर्कर यूनियन के प्रधान रमेश कुमार ने कहा कि शुक्रवार को शुरू किया गया धरना 24 घंटे का होगा और सभी कार्यकर्ता 28 जुलाई तक यहीं धरना देंगे। मांग रखी कि सभी मांगों को पूरा किया जाए।