धर्मपुर (मंडी)। आईपीएच मंत्री महेंद्र ठाकुर ने कहा कि बैरी में मशरूम प्लांट तथा कोल्ड स्टोर स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सिद्धपुर में फ्रूट नर्सरी तथा झरेड़ा में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना होगी। धर्मपुर में 132 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। 11 केवी तथा 33 केवी के विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है। जिनके काम करने से क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। वहीं क्षेत्र में ब्रिक्स के तहत 92.92 करोड़ की दो पेयजल योजनाएं कार्यान्वित की जाएंगी। वह धर्मपुर में सरकाघाट तथा धर्मपुर उपमंडल में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 130 करोड़ के कार्य प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त 158 करोड़ की बरच्छवाड़-जाहू-सीर-खड्ड बाढ़ नियंत्रण योजना, 40 करोड़ की कांडापतन-सरकाघाट उठाऊ पेयजल योजना का कार्य भी प्रगति पर है। आवश्यकतानुसार कार्यालय तथा कर्मचारियों के आवासीय भवनों का भी निर्माण किया जाएगा। बैठक में एसडीएम श्रवण मांटा, धर्मपुर के एसडीएम एचएस राणा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।