थरजूण पंचायत के मझार गांव में अाग से जला रिहायशी मकान।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
चैलचौक (मंडी)। गोहर उपमंडल की थरजूण पंचायत के मझार गांव में एक चार कमरों के रिहायशी मकान में आग लग गई। अग्निकांड में पूरा मकान जलकर राख हो गया। आग की लपटों को देखकर मकान मालिक अपनी पत्नी और बच्चों को साथ लेकर मकान से बाहर निकल गया, जिससे परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। अग्निकांड में करीब छह लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में दस हजार रुपये की राशि प्रदान कर दी है। अग्निकांड का कारण सार्टसर्किट होना बताया जा रहा है। एसडीएम गोहर कुलबीर सिंह राणा ने घटना की पुष्टि की है। थरजूण पंचायत की प्रधान जबना चौहान ने भी घटना स्थल पर जाकर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से सहानुभूति जताई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब एक बजे अचानक निरंजन कुमार पुत्र लुदरमणी निवासी मझार के मकान में आग की लपटें निकलीं, जिसको मकान मालिक निरंजन कुमार ने देख लिया और तुरंत अपने बच्चों और पत्नी को जगाया तथा मकान से बाहर निकल गया। आग ने तुरंत इतना भयंकर रूप ले लिया कि पलभर में सब कुछ स्वाह हो गया। आस-पड़ोस के लोग मकान में लगी आग को देख कर मौके पर पहुंचे लेकिन मकान के चारों कमरे, बरामदा, मकान के अंदर कपड़े और अनाज जलकर राख हो गया। एसडीएम गोहर कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि आग की इस घटना में करीब 6 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। पंचायत प्रधान थरजूण जबना चौहान ने बताया कि प्रशासन की ओर से निरंजन कुमार को दस हजार की फौरी राहत, तिरपाल और अन्य सामान प्रदान कर दिया गया है। प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा छानबीन की जा रही है।