पटड़ीघाट/सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के तहत आने वाली ग्राम पंचायत भरनाल के सडवाल में पंप हाउस का भवन दो वर्षों से क्षतिग्रस्त है। इसके चलते यहां पर कुछ लोग मनमर्जी से पंप चलाकर पानी छोड़ देते हैं। इस पंप हाउस का दरवाजा पिछले दो वर्षों से टूटा हुआ है, जिस कारण पंप हाउस में कोई भी व्यक्ति घुस कर मोटर चला देता है। इससे गांव के आधे-अधूरे घरों तक ही पानी पहुंचता है। जब तक जल रक्षक पंप हाउस में पहुंचता है तो पानी की मात्रा में भारी कमी आ जाती है, जिससे जलरक्षक पानी की आपूर्ति सही सही ढंग से नहीं कर पा रहा है। स्थानीय लोगों में ग्राम पंचायत भरनाल के पंचायत सदस्य टेक चंद, उप प्रधान राजेंद्र राणा, टेक चंद, हरदेई, विद्या देवी, प्रकाश, सोहन लाल, सुरेश कुमार, हेमराज, देव दत्त, नर्सरी राम, दिनेश कुमार, राम लाल और अमर नाथ ने विभाग से गुहार लगाई है कि जल्द पंप हाउस में दरवाजा लगाया जाए। उधर, सहायक अभियंता कमल कुमार ने बताया कि जल्द पंप हाउस का दरवाजा लगवा दिया जाएगा।