नबाही/सरकाघाट (मंडी)। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत सरकाघाट नगर पंचायत की ओर से छोटे-छोटे कारोबारियों को 2-2 लाख के लोन मात्र 7 फीसदी ब्याज की दर पर दिए जा रहे हैं। इस आकर्षक स्कीम के तहत टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक टीआर रांटा ने की। इसमें सरकाघाट ब्लॉक के अधिकतर बैंक अधिकारी उपस्थित रहे। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप वशिष्ठ ने कहा कि नगर पंचायत मौजूदा वित्त वर्ष में तकरीबन 35 लाख से अधिक लोन बांट चुकी है, जिससे शहर के छोटे कारोबारियों को अपने व्यवसाय को बढ़ाने में सफलता मिली है। इसी प्रकार की सुविधा आगामी वित्त वर्ष में भी शहर के कारोबारियों और बेरोजगार व्यक्तियों को मिलती रहेगी। इस स्कीम के तहत चयनित व्यक्ति नगर पंचायत का स्थायी निवासी होने के साथ-साथ उसकी सालाना आमदनी 3 लाख से कम होनी चाहिए। जो व्यक्ति शहर में कारोबार कर रहे हैं या करना चाहते हैं वह इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं । योजना के प्रबंधक विशाल चंदेल ने बैठक में उपस्थित समस्त बैंक अधिकारियों को शहरी विकास विभाग की ओर से चलाई जा रही इस आकर्षक योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस बैठक में नगर पंचायत के पार्षद एवं तकरीबन 2 दर्जन से अधिक बैंकों के अधिकारियों ने भाग लिया।