नेरचौक (मंडी)। विजय पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पैड़ी में वार्षिक समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान अभिलाषी ग्रुप के चेयरमैन डा. आरके अभिलाषी ने बतौर मुुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य ने मुख्यातिथि को बैच और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट के बारे में मुख्यातिथि और अभिभावकों को अवगत करवाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां दीं। मुख्यातिथि ने विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे मेधावियों को इनाम भी बांटे। जिसमें जमा दो तथा दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक लेने के लिए शिवम राणा, राहुल सपहिया और श्रेया मिन्हास और आठवीं की परीक्षाओं में कृतिका को 89 प्रतिशत अंक लेेने के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से जहां बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता हैं वहीं पुरस्कृत होने वाले छात्र अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत भी बनते हैं। उन्होंनेे छात्रों को जिंदगी में सफलता हासिल करने के टिप्स भी दिए। डा. अभिलाषी ने स्कूल को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 15 हजार की राशि भी प्रदान दी। इस मौके पर पंचायत प्रधान सुरेश ठाकुर, एसएमसी प्रधान बंदना सिपहिया, पधिंयू पंचायत की प्रधान नर्वदा सिपहिया और कर्म सिंह सैणी विशेष रूप से मौजूद रहे।