मंडी। चुनावों के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर आबकारी एवं कराधान विभाग ने शिकंजा कस दिया है। विभाग ने पांच टीमों का गठन करके निगरानी शुरू कर दी है। इसके अलावा लाइसेंसशुदा अहातों और शराब के ठेकों के स्टॉक पूरी तरह सर्विलेंस पर हैं। सरकाघाट, जोगिंद्रनगर, मंडी, करसोग और सुंदरनगर में टीमों का गठन करके चुनावों के दौरान चेकिंग तेज कर दी है। उधर, आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से बल्ह के कुम्मी में छापामारी करते हुए एक घर से पांच पेटियां शराब की बरामद की हैं। जेएसटीसी देव राज शर्मा, एएसटीसी शैलजा, बलवीर टीम में शामिल रहे। डिप्टी कमिश्नर स्टेट टैक्स प्रीत पाल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान अवैध रूप से शराब की बिक्री और आवक पर विभाग की टीमें नजर बनाए रखे हैं।