बालीचौकी (मंडी)। सराजघाटी के खोलानाल पंचायत के गौणी गांव में भू-स्खलन के कारण लोगों के घरों को खतरा बना है। इस कारण लोग अब घरों में रहने से कतरा रहे हैं। खोलानाल पंचायत के प्रधान सुरजमणी ने कहा कि बरसात में पंचायत के दर्जनों लोगों की जमीनें व मकान धंस गए है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों के घरों का जायजा लिया गया है। उन्होंने कहा कि चेत राम, मनसा राम, काहन सिंह, टेक सिंह, भोप सिंह, गुमत राम, भाग सिंह, धनश्याम सिंह, मान सिंह, ध्यान सिंह, हेम सिंह, दमोदर दास, देवेंद्र कुमार की जमीन व घरों को खतरा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से अभी तक न तो कोई अधिकारी व कर्मचारी मौके पर आया है न ही प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की कोई सहायता प्रदान नहीं की। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि प्रभावितों को जल्द उचित सहायता प्रदान की जाए। उधर, तहसीलदार बालीचौकी ने कहा कि खोलानाल पटवार सर्कल के पटवारी से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। उसके बाद प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।