मंडी के लोगों को भायी यूपी की हैंडमेड चादरें
सरस मेले में लगे स्टॉल पर उमड़ रही भारी भीड़
मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के साथ ही मंडी की प्रसिद्ध इंदिरा मार्केट में चल रहे सरस मेले में यूपी की हैंडमेड चादरें मंडी के लोगों को खूब भा रही हैं। भारी संख्या में लोग यूूपी के स्टॉल से चादरें खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि इस दुकान पर सुबह से लेकर शाम तक ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। अब तक संबंधित व्यापारी ने लाखों की चादरें बेच दी हैं। कारोबारी मोहम्मद स्माइल ने अपनी चादरों की खासियत बताते हुए दावा किया कि उनकी चादरें सौ प्रतिशत कॉटन से निर्मित हैं और सबसे खास कि स्वयं हाथों से बनाई गई हैं। उनकी चादरें देेश-विदेशों में खूब पसंद की जा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मेलों में चादरों की खूब बिक्री हो रही है। यहां मंडी में भी वह लाखों का कारोबार कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि चादरों के साथ ही वह कुशन कवर, तकिया कवर आदि भी बेच रहे हैं और इन्हें लोग हाथों हाथ खरीद रहे हैं। कारोबारी ने बताया कि इन चादरों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मौसम के अनुकूल हैं। यानी सर्दी में गर्म और गर्मी में ठंडक का एहसास करवाती हैं। इस दौरान स्टॉल पर खरीदारी कर रही महिलाओं सीमा, संध्या, कावेरी, रेखा आदि ने बताया कि उनको चादरें काफी अच्छी लग रही हैं। इनका रंग, डिजाइन और साइज अन्य चादरों की अपेक्षा काफी अच्छा है।