मंडी। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन सदर इकाई की बैठक प्रधान रेवती राम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान सरकार से मांग की गई कि पेंशनरों के लाखों के लंबित चिकित्सा भत्तों का भुगतान करने के लिए बजट का प्रावधान किया जाए। इसके साथ ही करुणामूलक आधार पर आश्रितों को नौकरी देने का प्रावधान किया जाए। बैठक से पहले एसोसिएशन आजीवन सदस्य नेत्र सिंह पठानिया के आकस्मिक निधन पर शोक जताते हुए दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि दिसंबर में जवाहर पार्क सुंदरनगर में आयोजित समारोह में पेंशनरों को दिए आश्वासन में 5,10 व 15 प्रतिशत भत्तों को मूल पेंशन में समायोजित करने की बात कही गई थी। क्योंकि यह मांग वर्ष 2002 से की जा रही है, जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया। सरकारी कर्मचारियों की ओर से पेंशन बहाली के लिए की जा रहे संघर्ष का समर्थन करते हुए एसोसिएशन ने सभी कर्मचारियों के लिए पेंशन बहाली की मांग उठाई। इस अवसर पर प्रधान हरीश शर्मा, मुख्य सलाहकार डॉ. केसी मल्होत्रा, उपप्रधान दयानंद शर्मा, संत राम, कर्म चंद, रमेश कुमार, धर्मपाल सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।