चैलचौक में आदर्श स्कूल के लिए जमीन की तलाश शुरू
गडाहरी में नहीं अब चैलचौक में खुलेगा मुख्यमंत्री आदर्श विद्या केंद्र
गरीब बच्चों को आधुनिक शिक्षा मिलेगी
अमर उजाला ब्यूरो
चैलचौक(मंडी)। मुख्यमंत्री आदर्श विद्या केंद्र अब गडाहरी में नहीं बल्कि चैलचौक में खुलेगा। जमीन चयन का कार्य शुरू हो चुका है। हाल ही में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने नाचन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री आदर्श विद्या केंद्र गडाहरी में खोलने की घोषणा की थी। कृषि विभाग की जमीन को इस आदर्श स्कूल के लिए प्रथम चरण में चयनित किया था। मगर किन्हीं कारणों के चलते इसे स्थान को रदद् कर चैलचौक में जमीन की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्र के लोगों में कमल किशोर शर्मा, देश राज शर्मा, योगिंद्र पाल, कपिल शर्मा, समाज सेवक एवं अधिवक्ता चेतन शर्मा, बीर सिंह, हरीश ठाकुर, जयसिंह, ललित कुमार, दिनेश ठाकुर और प्रोमिला देवी ने कहा है कि चैलचौक में सरकार जल्द मुख्यमंत्री आदर्श स्कूल की नींव रखने की मांग की है। जिससे गरीब बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रदान की जा सके। उधर, नाचन के विधायक विनोद कुमार ने बताया कि गडाहरी में कृषि विभाग और वन विभाग की जमीन है। जिसे पहले चिह्नित किया गया था। लेकिन अब चैलचौक में जमीन तलाश की जा रही है। गडाहरी में इसका निर्माण नहीं होगा। चयन स्थान को रद्द कर दिया गया है।