सरकाघाट (मंडी)। कोर्ट नंबर एक सरकाघाट अतिरिक्त न्यायिक दंडाधिकारी हरमेश कुमार की अदालत ने नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले के अनुसार 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा ने पड़ोस के युवक पर इसी साल अक्तूबर में छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। सरकाघाट थाना में इस बाबत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी युवक उच्च न्यायालय शिमला से अग्रिम जमानत पर था। बीते दिन उच्च न्यायालय ने पुलिस के तथ्यों और तफ्तीश को देखते हुए आरोपी की अग्रिम जमानत खारिज की। इसके उपरांत आरोपी को सरकाघाट कोर्ट नंबर 1 में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इसे सरकाघाट पुलिस की बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। लगभग दो माह से आरोपी की हिरासत के लिए अदालती लड़ाई में पुलिस की जीत हुई है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी मनमोहन सिंह ने की है।
00