खीणी गांव में बारह कमरों का दो मंजिला स्लेटनुमा रिहायशी मकान जलकर राख
- फोटो : अमर उजाला ब्य़ूरो
अमर उजाला ब्यूरो
पधर (मंडी)। द्रंग क्षेत्र के इलाका उतरशाल की ग्राम पंचायत नवलाया के खीणी गांव में बुधवार सुबह बारह कमरों का दो मंजिला स्लेटनुमा रिहायशी मकान आग की भेंट चढ़ गया। प्रारंभिक जांच में करीब बीस लाख से अधिक नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने का कारण गैस सिलेंडर लीक होना बताया जा रहा है। उधर, प्रभावित परिवार के पास तन ढकने के लिए कपड़े तक नहीं बचे हैं। प्रभावित टीकम राम पुत्र बुद्धे राम ने बताया कि हादसे के वक्त वह और उनकी पत्नी साथ लगती गोशाला में मवेशियों को चारा-पानी दे रहे थे और परिवार के अन्य सदस्य लहसुन की फसल की गुड़ाई कर रहे थे। घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रिहायशी मकान एकाएक आग की लपटों से घिर कर दहक गया। घटना का पता चलते ही पड़ोसी ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए मदद में जुट गए। आग ने ऐसा भयंकर रूप ले लिया कि पल भर में सब राख हो गया। ग्रामीणों ने गांव के समीप पेयजल पाइप लाइन को तोड़ कर मकान को सुरक्षित बचाने के लिए खासी जद्दोजहद की मगर कामयाबी नहीं मिल सकी। प्रभावित के अनुसार घटना में अनाज, कपड़ा बिस्तर, जेवरात और नकदी सब जलकर राख हो गई। मकान देवदार की कीमती लकड़ी से निर्मित था। पंचायत उप प्रधान राज कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रभावित परिवार के सदस्यों के पास तन पर पहने हुए कपड़ों के सिवाय कुछ भी नहीं बचा है। कानूनगो देवकी नंदन और ग्रामीण राजस्व अधिकारी शबनम आर्य ने नुकसान का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 10 हजार की फौरी राहत जारी की गई। विधायक जवाहर ठाकुर ने खीणी गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार को अपनी ओर से पांच हजार की राशि और कंबल वितरित किए।