मंडी। श्री काली चामुंडा माता मंदिर स्कूल बाजार में 12 सितंबर को माता की वार्षिक जाग हूम धूमधाम से मनाई जाएगी। मंदिर कमेटी के पुजारी सुंदर लाल शर्मा ने बताया कि देव सत बाला कामेश्वर बाड़ी गुमाणु, माता महाकाली पुरानी मंडी और माता काली चामुंडा अपने रथों और देवलुओं के साथ जाग में भाग लेंगी। सायं साढ़े ग्यारह बजे सभी देवी देवता मंदिर में पहुंचेंगे। देवी-देवताओं के गूर दहकते हुए अंगारों पर चल कर अग्नि परीक्षा से गुजरेंगे। इस दौरान भुवनेश्वरी जागरण मंडल बठेहड़ा दुगरांई के कलाकार रात भर माता का गुणगान करेंगे। इसमें देवेंद्र शास्त्री, तारा चंद शर्मा तथा बिलासपुर से सपना और अर्चना हाजिरी भरेंगे। सुंदर लाल ने बताया कि सायं सात बजे डाइट स्थित यू ब्लॉक स्कूल परिसर में माता का भंडारा आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि इस धार्मिक आयोजन में बढ़ चढ़ कर भाग लें। इधर टारना के थनेहड़ा मुहल्ला स्थित श्री देव माहुंनाग मंदिर में भी देवता की वार्षिक जाग आयोजित की जाएगी। इसमें देवता के छरनाट अपने घरों से देवता की छड़ियों सहित मंदिर पहुंचेंगे। रात्रि 12 बजे देवता के भंडार से देवता की करंडी मंदिर में प्रवेश करेगी तथा गूर के माध्यम से देववाणी सुनाई जाएगी। इसमें भादो माह में देवी-देवताओं और असुरीय शक्तियों के मध्य चल रहे युद्ध का वृतांत सुनाया जाएगा। मंदिर के गूर मुरारी लाल ने बताया कि बुधवार दोपहर 2 से रात्रि 9 बजे तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय भंजन मंडलियों की ओर से रातभर देव महिमा का गुणगान किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
0000