सुंदरनगर (मंडी)। डीएवी पब्लिक स्कूल सुंदरनगर में वैदिक सप्ताह के दौरान शुक्रवार को पहाड़ी भाषा और संस्कृति संरक्षण दिवस मनाया। अध्यापिका पूनम सिंह ने लोकभाषा और संस्कृति का महत्व बताया। छात्र अंश सेन ने भी विचार रखे। छात्रा प्रांजल ने हारा बांका हिमाचल विषय पर मंडयाली में भाषण दिया। छात्रा अद्विका गुप्ता ने मंडयाली भाषा में ठपराले सुनाए। हरीश ने मंडयाली में हास्य चुटकुले सुनाए जिन्हें सुनकर सभी लोटपोट हुए। छात्र अक्षित ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की। अनिकेत गौतम ने चंबयाली गीत प्रस्तुत किया। अध्यापिका प्रोमिला देवी ने पहाड़ी संस्कृति के अस्तित्व को बचाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य मोहित चुघ ने बच्चों को पहाड़ी संस्कृति के संरक्षण के लिए संदेश दिया। कहा कि पहाड़ी संस्कृति हमारी धरोहर है और इस बदलते जमाने में लुप्त होती इस संस्कृति को बचाए रखना आवश्यक है।