सुंदरनगर (मंडी)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मांगों को लेकर 23-24 अगस्त को भूख हड़ताल करेगी। शुक्रवार को प्रेस वार्ता में जिला संयोजक बलवीर ठुकराल ने कहा कि एबीवीपी प्रांत कार्यकारिणी की बैठक मंडी में 11 और 12 अगस्त को हुई थी। इसमें आंदोलन समिति ने आगामी आंदोलन तय किए थे। कहा कि 20 अगस्त को जिला केंद्रों में विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। 21 अगस्त को रेगुलेटरी कमीशन के चेयरमैन का घेराव और 23-24 को इकाई स्तर पर भूख हड़ताल की जाएगी। इस दौरान शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। 29 अगस्त को कृषि और बागवानी विश्वविद्यालय के विभिन्न मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद का प्रतिनिधिमंडल वन व कृषि मंत्री से भेंट करेगा। 31 अगस्त को कॉलेज प्राचार्यों का घेराव, 3 सितंबर को एसपी को ज्ञापन दिया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ विद्यार्थी परिषद के सुंदरनगर तहसील संयोजक सचिन चौधरी व जिला कार्यालय मंत्री नवल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।