सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी महासंघ सुंदरनगर (इंटक) की बैठक अध्यक्ष अजीत कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में इस वर्ग से जुड़ी लंबित मांगों पर चर्चा की गई। महासंघ ने परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुंदरनगर को मांगपत्र भी सौंपा। बैठक में प्रबंधन से मांग की गई कि चालक-परिचालकों की प्रतिमाह जितनी भी छुट्टियां शेष बचती हैं, ओवरटाइम और रात्रि भत्ता फरवरी माह से सूचना पट्ट पर दर्शाया जाए। चालक-परिचालकों के विश्राम कक्ष सुंदरनगर में सर्दियों के सीजन के चलते एक और अतिरिक्त पिलर हीटर लगाया जाए। सुंदरनगर क्षेत्र के सभी रूटों की मैनुअल टिकट फेयर स्टेज की एक बुक बनवाई जाए। मनाली से देहरादून बस सेवा के साथ ही चालकों की ड्यूटी सुबह 10 बजे तक न ली जाए, 19 महीनों का लंबित रात्रि भत्ता और अतिरिक्त समय भत्ता देने की मांग उठाई गई। मांग की गई कि चालक-परिचालकों की शिकायत की जांच शिकायतकर्ता के समक्ष आमने-सामने करवाई जाए, सभी लंबी दूरी के रूट पर अनुबंध परिचालकों को बारी-बारी भेजा जाए। कार्यशाला में शौचालय का प्रबंध किया जाए, बस के अंदर टिकट की जिम्मेदारी यात्री की निश्चित की जाए। सभी लोकल बस रूटों में ग्राउंड बुकिंग के लिए अलग से बुकिंग क्लर्क लगाया जाए, वॉश कर्मचारियों को गमबूट दिए जाएं, पीस मील कर्मचारियों को हर माह की पांच तारीख से पहले उनका वेतन दिया जाए और बस अड्डा सुंदरनगर में पुलिस सहायता कक्ष स्थापित करने की मांग की गई। बैठक में प्रधान संजीव कुमार, वरिष्ठ उपप्रधान अनिल खान, सचिव धनी राम, उपप्रधान नरेश, कार्यालय सचिव मोहन लाल नायक, प्रेस सचिव गुलनबाज, कोषाध्यक्ष राजकुमार, सहायक उपप्रधान अनिल कुमार, प्रचार सचिव प्रवीण, मुख्य सलाहकार चेत राम नायक, अश्वनी कुमार, प्रदीप कुमार, तेज सिंह और पवन कुमार सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
000