मंडी। ऐतिहासिक सेरी मंच पर अभिनेता आयुष शर्मा के लिए घर वापसी के उपलक्ष्य में अभिनंदन समारोह आयोजित किया। इस मौके पर सरकारी स्कूलों और निजी स्कूलों के बच्चों सहित भारी संख्या में लोग सेरी मंच पर आयुष को देखने पहुंचे थे। आयुष के साथ मंच पर पिता और दादा सहित पूरा परिवार मौजूद था। सोच संस्था की ओर से राज सिंह मल्होत्रा और नगर परिषद की ओर से नगर परिषद अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने उन्हें सम्मानित किया। आयुष ने उन्हें और उनकी फिल्म को प्यार देने के लिए शहरवासियों का आभार जताया। स्कूली बच्चों में उनको देखने के लिए भारी उत्साह था। इसलिए बच्चों ने मंच पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस दौरान आयुष ने भी बच्चों के बीच जाकर उनके साथ खूब मस्ती की। उनके साथ सेल्फियां लीं और डांस भी किया। स्वच्छता अभियान को लेकर भी उन्होंने बच्चों से अपने विचार साझा किए। उधर, कोटली स्कूल में आयोजित स्वच्छ जल और स्वच्छ हाथ कार्यक्रम में भी आयुष शर्मा ने शिरकत की।