जोगिंद्रनगर (मंडी)। रामलीला और दशहरा उत्सव के लिए जोगिंद्रनगर पहुंचे सांसद राम स्वरूप शर्मा का कर्मचारियों ने घेराव कर डाला। पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की मांग करने लगे। साथ ही 28 अक्तूबर को सांसद राम स्वरूप शर्मा के घर के बाहर एक दिवसीय उपवास के एलान का पुरजोर समर्थन किया। सांसद को पुरानी पेंशन योजना को बहाल करवाने संबंधित ज्ञापन सौंपा। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ ने ज्ञापन में कहा कि पिछले तीन वर्षों से पुरानी पेंशन बहाली के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नेशनल मूवमेंट फार ओल्ड पेंशन स्कीम के आह्वान पर 28 अक्तूबर को पूरे भारतवर्ष में सांसद आवास पर एक दिन का शांतिपूर्ण उपवास कार्यक्रम रखा गया है। संघ के महासचिव भगत सिंह गुलेरिया ने कहा कि संघ पुरानी पेंशन बहाली के लिए के लिए प्रयासरत है। आज जो भी कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहा है, उसे बहुत ही कम पेंशन लग रही है। यह सेवानिवृत्त होने के बाद गुजर बसर करने के लिए पर्याप्त नहीं है। वहीं दूसरी तरफ उनकी जमा पूंजी एनएसडीएल के माध्यम से शेयर बाजार में लगाई जा रही है। इसके उतार-चढ़ाव का असर उनके पैसे पर भी पड़ता है, जिससे कर्मचारी को खाली हाथ घर जाना पड़ रहा है।
000