पटड़ीघाट (मंडी)। उपमंडल में शनिवार दोपहर को हुई भारी ओलावृष्टि, तूफान और बिजली के कारण पटड़ीघाट, हड़सर, गुलेला में भारी नुकसान हुआ। पटड़ीघाट के प्रधान लेख राज ठाकुर ने बताया कि तूफान के कारण हड़सर गुलेला के लेख राज पुत्र शेरू राम के बरामदे की छत उड़ गई। इसमें लेखराज को लगभग तीस हजार का नुकसान हुआ है वहीं, बिजली गिरने के कारण गुलेला की सुमना देवी पत्नी प्रेमू राम बेहोश हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत सामान्य है। गौर हो कि हड़सर गांव में दो साल पहले भी बिजली गिरने के कारण एक महिला की मौत हो चुकी है। कुछ वर्ष पहले ग्रामीण जगत राम की चार बकरियों, श्याम लाल की गाय, महेंद्र पाल की भेड़ की भी मौत बिजली गिरने के कारण हुई। लोगों ने बिजली गिरने का कारण हड़सर गांव में लगाए गए टावर बताए हैं। स्थानीय लोगों में अशोक कुमार, जगत राम, कृष्ण चंद, महेंद्र पाल, लेख राज, प्रेम लाल, सागर दत्त, सोम दत्त, लाल सिंह, बंदना देवी, पुष्पा देवी आदि ने सरकार से गुहार लगाई है कि इन टावरों की जांच की जाए, अन्यथा इन्हें हटाया जाए, ताकि को अप्रिय घटना न हो सके।