मंडी। एसएसबी प्रशिक्षित बेरोजगार गुरिल्ला संगठन कोर कमेटी की बैठक में मांगों को लेकर सचिवालय में प्रदर्शन का एलान किया गया है। 21 अगस्त को यह प्रदर्शन सुबह दस बजे से लेकर शाम चार बजे तक चलेगा। बैठक का आयोजन भीमाकाली मंदिर परिसर में किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन प्रदेशाध्यक्ष एमआर भारद्वाज ने की। उन्होंने कहा कि यह कदम संगठन को मजबूरन उठाना पड़ा है। सम्मानजनक पेंशन, भर्ती संबंधित वित्तीय लाभ देने में भारत सरकार और राज्य सरकार असमर्थ रही है। लिहाजा प्रदर्शन की रणनीति अपनाई जा रही है। बैठक में मांग उठाई गई कि प्रदेश सरकार के विभागों में रिक्त चल रहे संबंधित पदों पर एसएसबी गुरिल्लाओं को नियुक्ति की जाए। भारत सरकार ने 21 नवंबर 2016 को भेजे गए पत्र से जानकारी दी है लेकिन, प्रदेश में अब तक प्रदेश के डीजी होमगार्ड और प्रदेश डीजी पुलिस को ही जवाब बना कर भेजा है। बाकी किसी भी विभाग से जानकारी नहीं मांगी गई। आक्रोशित गुरिल्लाओं ने प्रदेश सचिवालय में घेराव करने का निर्णय लिया है। सभी प्रशिक्षित सत्यापित महिला और पुरुष गुरिल्लाओं ने भारी संख्या में शिमला सचिवालय में पहुंचने की तैयारी कर ली है। इस दौरान संघ ने कार्यकर्ताओं को भारी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है। कमेटी की बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि प्रदेश का गुरिल्ला उसी सत्ताधारी पार्टी को आगामी चुनाव में सहयोग देगा जो पार्टी एवं प्रदेश सरकार, चुनाव से पहले गुरिल्लाओं को संपूर्ण हक देगी। कोर कमेटी की बैठक में संगठन वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महासचिव प्यारे लाल ठाकुर, सलाहकार जगदीश मेहता, कोषाध्यक्ष शैतान नेगी, सह सचिव संजय कायथ, जिला मंडी अध्यक्ष लज्जा देवी, अध्यक्ष तरसेम, सचिव पवन कुमार, कोषाध्यक्ष हुकम चंद, महिला अध्यक्ष कला देवी, उपाध्यक्ष दुर्गा देवी, सह सलाहकार बीआर भारद्वाज आदि पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।