सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर पुंघ में सोमवार सुबह कुल्लू से दिल्ली सेब ले जा रहा एक मिनी ट्रक (डीएल1एम/7664) पुल पर मोड़ काटते समय अनियंत्रित होकर बीच सड़क में पलट गया। इस घटना में ट्रक में लोड करीब दो लाख का सेब क्षतिग्रस्त हो गया है। सौभाग्यवश इस हादसे में ट्रक में सवार चालक सोनू और परिचालक बाल-बाल बच गये। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। हादसे के बाद हाईवे पर एक लाइन बंद होने से जाम भी लगता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर यातायात को नियंत्रण किया। जिसके बाद अन्य वाहनों में सेब को लोड कर गंतव्य की ओर भेजा। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया में हादसा जानबूझ के नहीं अपितु तकनीकी कारणों से हुआ है।