बालीचौकी (मंडी)। मिड-डे मील बालीचौकी के कर्मचारियों की बैठक शनिवार को अध्यक्ष शकुंतला देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नौजवान सभा के जिला अध्यक्ष महेंद्र राणा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। महेंद्र राणा ने प्रदेश और केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा की। कहा कि सरकार मिड-डे मील कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्हें मात्र 60 रुपये दैनिक दिहाड़ी दी जा रही है जोकि, सरेआम श्रम कानूनों का उल्लंघन है। बैठक में कर्मचारियों की दैनिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई। कहा गया कि सरकार लगातार वर्करों को हताश कर रही है। उन्हें जिला चिकित्सालय में मेडिकल बनाने के लिए कहा जा रहा है जबकि मेडिकल बनाने में तीन-चार दिन लग रहे हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि वर्कर का मेडिकल बालीचौकी में ही बनाया जाए और कम बच्चों पर वर्कर को हटाने की शर्त को समाप्त किया जाए। इस अवसर पर रुकमणि देवी, विक्रमी देवी, बिमला देवी, भीष्म, शकुंतला देवा, विमला देवी सहित अन्य उपस्थित रहीं।