सुंदरनगर (मंडी)। धनोटू-बग्गी मार्ग पर रविवार देर शाम बाइक हादसे में बीएसएल नहर में गिरे एक युवक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। हादसे के तीसरे दिन भी लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रहा। बुधवार को यह सर्च ऑपरेशन घटनास्थल से लगभग 6 किलोमीटर दूर स्थित सुंदरनगर के बीएसएल जलाशय तक जारी रहा। बल्ह पुलिस का दल एएसआई बालक राम शर्मा के नेतृत्व में सुंदरनगर जलाशय के किनारे मौजूद रहा। इस दौरान लापता युवक की तलाश में गोताखोरों ने जलाशय में विभिन्न स्थानों पर डुबकियां लगाईं, लेकिन देर शाम तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। बीते रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में बल्ह के दयारगी के निकट बाइक सवार दो युवक बीएसएल नहर में गिर गए थे। एक युवक का शव बरामद कर लिया था लेकिन दूसरा लापता हो गया। डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि लापता युवक को ढूंढने के लिए वीरवार को भी सर्च अभियान चलाया जाएगा।