सुंदरनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में बास्केटबाल का खिताब हमीरपुर ने एमएलएसएम कॉलेज सुंदरनगर को हराकर जीत लिया है। प्रतियोगिता का आयोजन सीसे स्कूल बाल के खेल के मैदान में किया गया। समापन अवसर पर राजकीय अध्यापक संघ जिला मंडी के अध्यक्ष अश्वनी गुलेरिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एमएलएसएम कॉलेज और हमीरपुर की टीम के बीच खेला गया। इसमें हमीरपुर की टीम ने एमएलएसएम कॉलेज की टीम को 50-44 के अंतर से हराकर जीत हासिल की। मुख्य अतिथि अश्वनी गुलेरिया ने विजेता टीम को ट्रॉफी तथा 13 हजार की नकद राशि से पुरस्कृत किया। उपविजेता एमएलएसएम कॉलेज की टीम को 9 हजार की राशि से सम्मानित किया गया। इसके अलावा खो-खो प्रतियोगिता का खिताब मलोह ने जीता। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मलोह और भनवाड़ के बीच खेला गया। इसमें मलोह की टीम ने 3 अंकों के अंतर से भनवाड़ को पराजित कर दिया। समापन पर नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चमन ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता टीम को ट्रॉफी और 11 हजार की राशि और उपविजेता भनवाड़ टीम को 9 हजार रुपये की राशि इनाम में प्रदान की।
000