धर्मपुर (मंडी)। राष्ट्रीय उच्च मार्ग जालंधर-मंडी वाया धर्मपुर कोटली सड़क पर शिवद्वाला के पास सुबह आठ बजे एक पोकलेन ले जा रहा ट्राला पलट गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मार्ग दिनभर बड़ी गाड़ियों के लिए बंद रहा। एक तरफ से छोटी गाड़ियां तो निकलती रहीं, लेकिन बड़ी गाड़ियों के लिए यह मार्ग बाधित रहा। शाम करीब पांच बजे बड़े वाहनों के लिए मार्ग को बहाल किया गया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे पोकलेन ले जा रहा ट्राला शिवद्वाला के पास पलट गया। सुबह का समय होने के कारण मार्ग पर दोनों तरफ गाड़ियों की लाइनें लग गईं। यात्रियों को धर्मपुर और धर्मपुर से सरकाघाट जाने के लिए भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ट्रक पलटने की सूचना धर्मपुर पुलिस थाना को दी गई। पुलिस तुरंत पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाने का प्रयास शुरू किया। जाम को हटाने के बाद ट्रक को वहां से हटाने का काम दिनभर चलता रहा। इस दौरान मार्ग से छोटी गाड़ियों की आवाजाही ही रही, जबकि बड़े वाहनों को दूसरे मार्ग से जाना पड़ा। बताया जा रहा है कि इस इस ट्रक में लाई जा रही बड़ी पोकलेन बल्ह की है और किसी सड़क निर्माण के कार्य के लिए धर्मपुर लाई जा रही थी। ट्राला चालक सुरक्षित है। उधर, इस बारे में पुलिस थाना धर्मपुर के थाना प्रभारी सूरम सिंह ने बताया कि मोड़ काटते समय ट्राला पलट गया। इससे मार्ग बाधित रहा लेकिन शाम को ट्राला हटाकर मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया।
000