रिवालसर (मंडी)। बारिश से बल्ह घाटी में 80 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। बल्ह विस क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने वीरवार को अपर बल्ह क्षेत्र के बटाहणी से लेकर हल्यातर तक की दर्जनों पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन के कारण बल्ह घाटी में सरकारी और निजी क्षेत्र को करीब 80 करोड़ की चपत लगी है। इससे किसानों की फसलों के साथ पशुधन की भी बड़ी हानि हुई है। व्यापारी वर्ग को भी बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। विधायक इंद्र सिंह ने कहा कि रिवालसर उपतहसील में अब नायब तहसीलदार नियमित तौर पर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इससे क्षेत्र की जनता को पेश आने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा। इस मौके पर जिला मंडी भाजपा उपाध्यक्ष ढमेश्वर ठाकुर, नगर पंचायत पार्षद लीला वशिष्ठ, मीना गुप्ता, यश पाल, सुरेंद्र, तेजपाल, भूप सिंह और भीखम राम भी मौजूद रहे। ब्यूरो