धर्मपुर/सरकाघाट (मंडी)। धर्मपुर की लौंगणी पंचायत के हुक्कल गांव में एक व्यक्ति की सांप के डसने से मौत हो गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। रतन चंद (41) पुत्र रवालू राम काम करने के बाद घर लौटा और खाना खाने के बाद सोने चला गया। देर रात वह शौच के लिए घर से बाहर निकला, लेकिन बड़ी देर से अंदर नहीं लौटा। इस पर उनकी बड़ी बेटी ने अपनी मां को जगाकर कहा कि पापा काफी देर से बाहर से नहीं लौटे हैं। पूरा परिवार जाग गया और जब उन्होंने बाहर जाकर देखा तो शौचालय के पास रतन चंद बेहोश पड़े थे। ध्यान से देखने पर पता चला कि रतन चंद को सांप ने डस लिया है। उन्होंने लोगों की सहायता से उसे सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी धर्मपुर सुरम सिंह ने कहा कि परिवार की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। कार्यवाहक एसडीएम मनफूल सिंह ने कहा कि पटवारी हल्का को पूरी रिपोर्ट तैयार करने को कहा है और उसके अनुसार परिवार को राहत प्रदान की जाएगी। सरकाघाट अस्पताल में कार्यरत वरिष्ठ चिकित्सक अजय वर्मा ने कहा कि यदि किसी को सांप डस ले तो तुरंत अस्पताल लाना चाहिए। व्यक्ति को हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। जहां सांप ने डसा है, उस जगह को कसकर बांध देना चाहिए। झाड़-फूंक की बजाय नजदीकी अस्पताल में आना चाहिए।
000