मंडी। कमांद चौकी पुलिस ने शेगली में एक व्यक्ति से 1.186 किलोग्राम चरस बरामद की है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कमांद पुलिस चौकी के हेडकांस्टेबल राजेंद्र कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। रविवार को पुलिस और नारकोटिक्स टीम ने शेगली में नाकाबंदी की थी। इसी दौरान लक्ष्मण पुत्र खीमी राम निवासी सूहड़ा वहां से गुजर रहा था और पुलिस को देखकर घबरा गया तथा उसने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 186 ग्राम चरस बरामद की गई। डीएसपी पधर मदनकांत शर्मा ने कहा कि आरोपी से चरस बरामद की गई है। मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। एसपी मंडी गुरुदेव शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।